एलईडी बल्ब के उपयोग से देश में एक साल में 5500 करोड़ का फायदा होगा
भोपाल। केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री पीयुष गोयल ने कहा कि उजाला योजना में सभी पुराने बल्बों को बदल कर एल.ई.डी. बल्ब लगाये जायेंगे। पिछले एक वर्ष में देश में 9 करोड़ एल.ई.डी. बल्ब लगाये गये हैं जिससे वर्ष भर में 5,500 करोड़ रुपये की बचत होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उजाला योजना लोगों की जिंदगी में उजाला लायेगी। इससे उपभोक्ताओं और ऊर्जा विभाग दोनों की बचत होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान शनिवार को यहाँ मुख्यमंत्री निवास में उजाला (ऊर्जा दक्ष एल.ई.डी. बल्ब वितरण योजना) के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।
योजना से प्रभावित होकर सीएम चौहान ने कहा कि वे भी जल्दी ही सीएम हाउस में सभी स्थानों पर एलईडी बल्ब का उपयोग करेंगे। गोयल ने कहा कि वर्ष 2019 तक देश में 77 करोड़ पुराने बल्ब बदलकर एल.ई.डी. बल्ब लगाये जायेंगे, जिससे जनता को 40 हजार करोड़ रुपये का लाभ होगा। विभाग द्वारा मोबाइल एप बनाया गया है जिसमें अब तक लगाये गये एल.ई.डी. बल्ब की देश-प्रदेश और शहरवार जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बने जहाँ हर घर में एल.ई.डी. बल्ब लगा हो। मध्यप्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया गया है। केवल दो वर्ष में नवकरणीय ऊर्जा उत्पादन की क्षमता 800 मेगावॉट से बढ़ाकर 3000 मेगावॉट की गई है।
कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से छह नागरिकों को एल.ई.डी. बल्ब वितरित किये गये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नागरिकों से अपील की कि उजाला योजना में पुराने बल्बों को बदलकर एल.ई.डी. बल्ब लगायें। यह सबके फायदे की योजना है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2018 तक 20 हजार मेगावॉट बिजली बनायी जायेगी। गरीब महिलाओं के लिये केन्द्र द्वारा उज्जवला योजना शुरू की जा रही है। जिसमें गरीब महिलाओं को नि:शुल्क रसोई गैस चूल्हा और गैस सिलेंडर दिया जायेगा। प्रदेश के ऊर्जा एवं जनसंपर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि ऊर्जा के उत्पादन के साथ संरक्षण भी महत्वपूर्ण है। प्रदेश में योजना के तहत तीन करोड़ एल.ई.डी. बल्ब बाँटे जायेंगे। इससे 2,500 करोड़ रुपये की बचत होगी। प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। राज्य ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने स्वागत भाषण दिया। प्रमुख सचिव मनु श्रीवास्तव ने योजना की जानकारी दी।